- छात्राओं के भविष्य को स्वर्णिम और सुरक्षित बनाने का बेहतर पाठ्यक्रम है जीएनएम - डा उदय प्रताप चतुर्वेदी
- नर्सिंग के क्षेत्र में छात्राओं को पारंगत बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित है संस्थान - राकेश चतुर्वेदी
संतकबीरनगर संवाददाता
नाथनगर में स्थित एसआर हॉस्पिटल एंड पैरामेडिकल कॉलेज में मंगलवार को जीएनएम कोर्स के दूसरे सत्र का शुभारंभ हुआ। छात्राओं को पेन भेंट कर उनके स्वर्णिम भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी गई। पहले सत्र की छात्राओं को उनके एनुअल एग्जाम में बेहतर परफॉर्मेंस करने के लिए प्रेरित किया गया।
एसआर हॉस्पिटल एंड पैरामेडिकल कॉलेज में आयोजित ओरियंटेशन प्रोग्राम को संबोधित करते हुए चीफ गेस्ट सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डा उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि जीएनएम पाठ्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को अपना कैरियर बनाने का सबसे महत्वपूर्ण पायदान है। उन्होंने छात्राओं को कड़ी मेहनत और निष्ठा से अपना पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए प्रेरित किया। डा चतुर्वेदी ने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द ही इस कैंपस में बीएससी नर्सिंग का पाठ्यक्रम शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने पहले सत्र की छात्राओं को उनके एनुअल एग्जाम के लिए शुभकामनाएं दिया तो वहीं नए सत्र की छात्राओं को उनके बेहतर कैरियर के लिए गुड लक किया। एसआर हॉस्पिटल एंड पैरामेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान में जीएनएम कोर्स में जुटी सभी छात्राओं के लिए संसाधनों की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। प्रशिक्षित और योग्य शिक्षकों के जरिए उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है यहीं अत्याधुनिक लैब में उन्हें बेहतर प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है। प्रिंसिपल विनय पटेल ने सभी छात्राओं के जीएनएम पाठ्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि जीएनएम पाठ्यक्रम संचालित करने वाला यह जिले का पहला संस्थान है। इससे पहले चीफ गेस्ट डा उदय प्रताप चतुर्वेदी, डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय, पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रविंद्र यादव ने मां सरस्वती और संस्थान के संस्थापक स्व पं सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह का संचालन वरिष्ठ शिक्षक हरिश्चंद्र यादव ने किया। इस दौरान शिक्षिका अनु वर्मा, कृष्णा मिश्रा, दिग्विजय यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।