मध्य रेल कोंकण यात्रियों के लिए मुंबई-सावंतवाड़ी रोड दैनिक ट्रेन शुरू करेगी



माननीय मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र, माननीय केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री और माननीय रेल मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में दिनांक 03.09.2026 को सीएसएमटी-सावंतवाड़ी रोड दैनिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा*

मध्य रेल द्वारा कोंकण क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), मुंबई और सावंतवाड़ी रोड के बीच एक नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया जा रहा है।

श्री देवेंद्र फडणवीस, माननीय मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र, श्री पीयूष गोयल, माननीय केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा श्री अश्विनी वैष्णव, माननीय केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, दिनांक 03.09.2026 को 12.50 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, मुंबई से उद्घाटन सीएसएमटी-सावंतवाड़ी रोड दैनिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस अवसर पर श्री एकनाथ शिंदे, माननीय उपमुख्यमंत्री, महाराष्ट्र एवं पालक मंत्री, मुंबई; श्रीमती सुनेत्रा पवार, माननीय उपमुख्यमंत्री, महाराष्ट्र (वीडियो प्रसारण के माध्यम से); एडवोकेट श्री राहुल नार्वेकर, माननीय अध्यक्ष, महाराष्ट्र विधान सभा; श्री नितेश राणे, माननीय मंत्री, मत्स्य एवं बंदरगाह विकास तथा पालक मंत्री, सिंधुदुर्ग; श्रीमती रितु तावड़े, माननीय महापौर, मुंबई; श्री मिलिंद देवड़ा, माननीय सांसद तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

उद्घाटन विशेष ट्रेन संख्या 01001 को 12.50 बजे सीएसएमटी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा और यह अगले दिन 02.00 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी।

ट्रेन के ठहराव:
दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, मानगांव, वीर, खेड, चिपलूण, सावरदा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडावली, वालिवडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नांदगांव रोड, कंकावली, सिंधुदुर्ग और कुडाल।

ट्रेन की संरचना:
1 एसी फर्स्ट क्लास, 2 एसी 2-टियर, 3 एसी 3-टियर, 4 शयनयान श्रेणी , 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी , 1 सेकंड सीटिंग सह गार्ड्स ब्रेक वैन तथा 1 जनरेटर वैन।

यह ट्रेन मुंबई से कोंकण जाने वाली ट्रेनों की सेवाओं में एक महत्वपूर्ण वृद्धि होगी और यात्रियों को लंबे समय से अपेक्षित दैनिक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।

*सीएसएमटी-सावंतवाड़ी रोड दैनिक एक्सप्रेस के लाभ*
1. लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी:
मुंबई सीएसएमटी से कंकावली, कुडाल, सावंतवाड़ी तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए समर्पित दैनिक ट्रेन उपलब्ध होगी।
2. दैनिक कनेक्टिविटी:
नियमित दैनिक सेवा से व्यापारियों और पर्यटकों को लाभ मिलेगा।
3. पर्यटन को बढ़ावा:
यह दक्षिण कोंकण के पर्यटन को प्रमुख रूप से बढ़ावा देगी, जिसमें सावंतवाड़ी, आंबोली, तारकर्ली तथा गोवा सीमा क्षेत्र का पर्यटन सर्किट शामिल है।
4. सुविधाजनक समय:
ट्रेन रात्रिकालीन यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी तथा आगमन और प्रस्थान का समय यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा।
5. भीड़ कम करने में मदद:
इससे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और दादर से कोंकण की ओर चलने वाली अन्य ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

ट्रेन की नियमित सेवा का विवरण बाद में अधिसूचित किया जाएगा।

मध्य रेल कोंकण क्षेत्र में रेल संपर्क को मजबूत करने तथा यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएसएमटी और सावंतवाड़ी रोड के बीच इस नई दैनिक सेवा की शुरुआत इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे कोंकण क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास और पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा तथा महाराष्ट्र की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने