सिद्धार्थनगर में परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन ने एरियर भुगतान, नियमितीकरण समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर विधायक श्यामधनी राही व भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य को ज्ञापन सौंपा।
सिद्धार्थनगर, 30 अगस्त 2026: परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन, जनपद सिद्धार्थनगर की ओर से रविवार को अनुदेशकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सिद्धार्थनगर दीपक मौर्य को 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में अनुदेशकों के एरियर भुगतान, नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।
ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान विधायक श्यामधनी राही एवं भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने अनुदेशकों की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करने का आश्वासन दिया। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार दोनों जनप्रतिनिधियों ने अपने स्तर से कवरिंग लेटर के साथ मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजने की बात कही।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने संगठन को अपना लेटर पैड उपलब्ध कराते हुए पत्र तैयार कर उस पर हस्ताक्षर एवं मुहर कराने तथा मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भेजने की व्यवस्था करने की बात कही। वहीं विधायक श्यामधनी राही ने भी संगठन के प्रतिनिधियों को अगले दिन अपने कार्यालय पर बुलाकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजने की प्रक्रिया में स्वयं उपस्थित रहने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय, जिला महासचिव अनुपम कुंवर, जिला मंत्री रणविजय कुमार जाटव, जिला उपाध्यक्ष पप्पू सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष उसका अशोक कुमार यादव, शिवनारायण, हरिकेश कुमार, राकेश कुमार गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष जोगिया हरिश्चंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में अनुदेशक एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
मिठवल ब्लॉक से अनुदेशक प्रमोद कुमार, रुमा मिश्रा, वंदना प्रियदर्शिनी, मीनू जायसवाल सहित अन्य अनुदेशकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। संगठन के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अनुदेशक भाई-बहनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन अनुदेशकों की जायज मांगों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।
Tags
SIDDHARTHNAGAR NEWS

