अपराध का अन्त संवाददाता
पश्चिम रेलवे द्वारा आगामी पूजा एवं त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की सुविधा तथा अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए असारवा एवं प्रयागराज के बीच साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 12 फेरे लगाएगी, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा होगी। इस स्पेशल ट्रेन का विवरण निम्नानुसार है:-
*ट्रेन संख्या 04166/04165 असारवा–प्रयागराज साप्ताहिक फेस्टिवल स्पेशल (कुल 12 फेरे)*
ट्रेन संख्या 04166 असारवा–प्रयागराज स्पेशल असारवा से प्रत्येक गुरुवार को प्रातः 08:45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन प्रातः10:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। यह ट्रेन 22 अक्टूबर से 26 नवंबर, 2026 तक चलेगी।
इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 04165 प्रयागराज–असारवा स्पेशल प्रयागराज से प्रत्येक बुधवार को प्रातः 05:00 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन प्रातः 05:45 बजे असारवा पहुंचेगी। यह ट्रेन 21 अक्टूबर से 25 नवंबर, 2026 तक चलेगी।
यह ट्रेन मार्ग में दोनों दिशाओं में हिम्मतनगर, लुसाड़िया, डूंगरपुर, सेमारी, जावर, उदयपुर सिटी, राणा प्रताप नगर, मावली जंक्शन, चंदेरिया, मांडलगढ़, बूंदी, केशोरायपाटन, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, रूपबास, फतेहपुर सीकरी, ईदगाह आगरा, टूंडला, फिरोजाबाद, इटावा, कानपुर सेंट्रल और फतेहपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।
इस ट्रेन में एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास एवं सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच होंगे।
ट्रेन संख्या 04166 की बुकिंग *दिनांक 19.10.2026* से सभी पीआरएस काउंटरों तथा आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर प्रारंभ होगी। ट्रेन के ठहराव, संरचना एवं समय के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए यात्री कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर अवलोकन कर सकते हैं।
Tags
बस्ती संवाददाता