कृषि विज्ञान केंद्र में मनाया गया महिला किसान दिवस, 252 महिलाओं ने किया प्रतिभागआधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर महिलाएं बनें आत्मनिर्भर डॉ. रोली सिंह

अपराध का अन्त संवाददाता बस्ती। 

कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती में कृषि विभाग की ओर से महिला किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डॉ. रोली सिंह ने महिला किसानों को दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं को घर की दहलीज से बाहर निकलकर हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। इससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ परिवार और समाज की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को मजबूत कर सकेंगी।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एसके तोमर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला किसानों को कृषि एवं कृषि आधारित उद्यमों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है, जिससे उनकी आय और आजीविका में वृद्धि हो सके।
संयुक्त कृषि निदेशक रामवचन राम ने महिला किसानों को कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, फसल उत्पादन की उन्नत तकनीकों, एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन, पोषण वाटिका, मशरूम उत्पादन तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। वहीं, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार ने महिलाओं को कृषि में नवीन तकनीकों को अपनाने, उत्पादन लागत कम करने और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष शिव प्रसाद चौधरी ने कहा कि महिलाएं कृषि कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। यदि उन्हें आधुनिक तकनीकों, प्रशिक्षण और उचित मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, तो वे कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत बना सकती हैं। उन्होंने महिला किसानों को कृषि एवं उससे जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. प्रेम शंकर (पादप सुरक्षा) सहित अन्य वैज्ञानिकों ने महिला किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा कृषि आधारित रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। वैज्ञानिक आरबी सिंह, हरिओम मिश्रा और डॉ. अंजलि वर्मा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि एवं कृषि आधारित उद्यमों के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीबी सिंह ने किया। इस दौरान जनपद की कुल 252 महिला किसानों ने प्रतिभाग किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने