चित्रकला प्रदर्शनी में बिखरे विकसित भारत के रंग


सिद्धार्थनगर  संवाददाता । विकसित भारत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कालेज तेतरी बाज़ार में संपन्न हुई। प्रदर्शनी में सदर ब्लॉक नौगढ़ के कुल तैंतीस परिषदीय विद्यालयों के निन्यानबे बच्चों ने अपनी उत्कृष्ट चित्र कला के माध्यम से दो हज़ार सैंतालीस के भारत की कल्पना को मूर्त रूप देते हुए अपने हुनर के रंग बिखेरे।
   कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पधारे सदर विधायक श्यामधनी राही और विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल ने बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन कर सभी की प्रशंसा की। निर्णायकों द्वारा कलात्मकता, कल्पनाशीलता एवं वैचारिक परिपक्वता के आधार पर उच्च प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ के छात्र प्रिंस को प्रथम, कंपोजिट स्कूल पिपरा पांडेय की वंशिका पांडेय को द्वितीय तथा कंपोजिट स्कूल नौगढ़ की ममता शर्मा को तृतीय विजेता घोषित किया। कोंड़रा ग्रांट की छात्रा कंचन, खलीलपुर की संजना एवं रामपुर की चांदनी को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 
   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक श्यामधनी राही एवं सांसद प्रतिनिधि एसपी अग्रवाल ने बच्चों को विकसित भारत के निर्माण के लिए रचनात्मक कार्य करते रहने हेतु अभिप्रेत करते हुए विजेता बच्चों को शील्ड एवं लेखन सामग्री आदि प्रदान कर पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के दौरान आउट आफ स्कूल एवं विशिष्ट आवश्यकताओं वाले दिव्यांग बच्चों को प्रमाण पत्र एवं लेखन सामग्री भी प्रदान की गई। अंत में बीईओ रामकुमार सिंह ने समस्त अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यालयों में बच्चों के रचनात्मक कौशल विकास हेतु चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों के विषय में विस्तृत जानकारी दी। नियाज़ कपिलवस्तुवी के संचालन में संपन्न कार्यक्रम में डीसी सामुदायिक सहभागिता अमित कुमार शुक्ल, सत्येन्द्र गुप्ता, आलोक आनंद, संजय कुमार, धर्मेन्द्र सिंह, दीपक श्रीवास्तव , शमशाद अहमद, देवेंद्र त्रिपाठी, आलोक श्रीनेत, अनंत यादव, रामपाल, जेपी गुप्ता, राजेश यादव तथा विजया यादव आदि शिक्षकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने