200 आरक्षित गणपति विशेष ट्रेनों में 1.17 लाख से अधिक यात्रियों ने कराया आरक्षण

अपराध का अन्त संवाददाता बस्ती। राजेन्द्र कुमार 
गणपति त्यौहार के दौरान सुविधाजनक यात्रा के लिए मध्य रेल द्वारा 262 गणपति विशेष ट्रेन सेवाएँ

आगामी गणपति त्यौहार के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने और भीड़ को कम करने के उद्देश्य से मध्य रेल ने 262 गणपति विशेष ट्रेन सेवाओं की घोषणा की है। इन ट्रेनों का संचालन यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा, ताकि वे अपने पैतृक (नेटिव) स्थानों पर आसानी से पहुंच सकें।

इन 262 गणपति विशेष ट्रेनों में 200 आरक्षित विशेष ट्रेनें शामिल हैं, जिनमें एसी विशेष तथा एसी, स्लीपर और जनरल कोचों के मिश्रित संयोजन वाली ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा 62 अनारक्षित विशेष ट्रेन सेवाएँ भी चलाई जाएंगी। ये सेवाएँ मुंबई, पुणे और नागपुर से कोंकण क्षेत्र के लिए संचालित की जाएंगी।
इन 200 आरक्षित विषश ट्रेनों में: सावंतवाड़ी रोड के लिए आने-जाने की 112 सेवाएँ, रत्नागिरी के लिए 64 सेवाएँ, मडगांव के लिए 24 सेवाएँ शामिल हैं।
इन विशेष ट्रेन सेवाओं का संचालन 9 सितंबर 2026 से शुरू होगा। अब तक इन ट्रेनों में 1,17,682 यात्रियों ने आरक्षण करा लिया है।
इन विशेष ट्रेनों से यात्रियों को यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना सकेंगे। इससे यात्रियों को अपने परिवार तथा प्रियजनों के साथ गणपति त्यौहार मनाने के लिए अपने पैतृक स्थानों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

*यात्री सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त उपाय*
त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए मध्य रेल ने अपने नेटवर्क पर कई उपाय किए हैं, जिनमें शामिल हैं:
• सुचारु टिकटिंग के लिए विभिन्न स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर।
• बेहतर भीड़ प्रबंधन के लिए प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया।
• विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) की सहायता से यात्रियों के लिए निःशुल्क पेयजल, भोजन और शौचालय की सुविधा।
• विशेष ट्रेनों में यात्रियों की व्यवस्थित चढ़ाई (बोर्डिंग) सुनिश्चित करने के लिए कतार प्रबंधन व्यवस्था, साथ ही अतिरिक्त RPF जवानों और टिकट जांच कर्मचारियों की तैनाती।
• यात्रियों की सुरक्षा तथा स्टेशनों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्थानों पर RPF और टिकट जांच कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती।

यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए ट्रेन के प्रस्थान से कम से कम आधा घंटा पहले स्टेशन पहुंचें। समय पर स्टेशन पहुंचने से ट्रेन में चढ़ने की प्रक्रिया सुगम होगी और सभी यात्रियों के लिए अधिक सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

गणपति विशेष ट्रेनों के समय, मार्ग और ठहराव की विस्तृत जानकारी के लिए यात्री भारतीय रेलवे की पूछताछ वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in देख सकते हैं अथवा NTES ऐप का उपयोग कर सकते हैं।
अनारक्षित कोचों के टिकट सामान्य शुल्क पर UTS प्रणाली के माध्यम से बुक किए जा सकते हैं। यात्री टिकट बुक करने के लिए RailOne ऐप भी डाउनलोड कर सकते हैं।

मध्य रेल यात्रियों से अपील करता है कि वे केवल वैध टिकट के साथ यात्रा करें और यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए वैध पहचान पत्र अपने साथ रखें।

मध्य रेल गणपति त्यौहार के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। रेलवे प्रशासन यात्रियों के विश्वास और सहयोग की सराहना करता है तथा सभी से रेलवे कर्मचारियों को सहयोग देने और भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करता है, ताकि यात्रा सुचारु और सुखद बनी रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने