सुनील केसी, संवाददाता
तुलसियापुर, सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारियों ने डीएम को ज्ञापन दिया। मिशन कर्मचारियों ने मांगपत्र में शिक्षा भत्ता, लैपटॉप भत्ता, मोबाइल भत्ता व सेल्फ लर्निंग भत्ता, एच आर पॉलसी और
वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग किया। सिद्धार्थनगर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े कर्मियों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में महिलाओं के साथ प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सभी कर्मियों ने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। संबंधित अधिकारी समस्याओं पर गंभीर नहीं हैं। मिशन कर्मचारियों को शिक्षा भत्ता, लैपटॉप भत्ता, मोबाइल भत्ता एवं सेल्फ लर्निंग भत्ता नहीं मिल रहा है।
जिला स्तर पर (डीएमएमयू) एवं विकास खंड स्तर पर (बीएमएमयू) में निर्धारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से उनकी योग्यता एवं अनुभव के आधार पर पदोन्नति की जाए। माडल मानव संसाधन नियमावली नवंबर-2015 से लागू किया जाता है एवं 7 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि भी नवंबर 2015 से लागू की जाती है। इसके क्रम में मिशन निदेशक ने 20 नवंबर, 2017 को 12वीं शासकीय निकाय के समस्त निर्णयों को लागू किया।
इस आधार पर ब्लॉक स्टाफ का न्यूनतम वेतन 20,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये एवं जनपद स्तर के स्टाफ का वेतन 40,000 रुपये से बढ़ाकर 45,000 रुपये प्रतिमाह नवंबर 2015 से करते हुए एरियर भी प्रदान किया गया। राज्य स्तर के मिशन स्टाफ को नवंबर 2015 से 7 प्रतिशत की दर से दो बार वेतन वृद्धि भी दी गई। लेकिन, जनपद एवं ब्लॉक स्तर के स्टाफ को आज तक 2015 से कोई वेतन वृद्धि/एरियर नहीं हुई।
स्थायी कर्मियों के स्थानांतरण करते हुए समायोजन किया जाए। शोषण आधारित आउट सोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त कर पुन: विभागीय संविदा पर नियुक्त किया जाए। कर्मियों ने कहा कि समस्त मांगों का लाभ मिशन स्टाफ को वास्तविक रूप में प्राप्त नहीं हो जाता है, तब तक नई भर्ती न की जाए। इस दौरान गिरीश चंद्र पांडेय, सरताज अहमद अंसारी,रजनीश तिवारी, अरूण विक्रम, मुकेश कुमार, विमलेश कुमार,ललिता देवी, अजित कुमार,प्रेम कुमार तिवारी, शिव प्रसाद, कमलेश बेनवंशी,उमेष कुमार भारद्वाज, सुशीला, प्रमोद मिश्रा,अमित कुमार यादव, चंद्र प्रकाश, अजय यादव सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रही।
