फागू प्रसाद गुप्ता ने बीडीओ को दिया शिकायती पत्र, समाधान न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी


अपराध का अन्त संवाददाता 

*शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर।* विकास खंड शोहरतगढ़ में मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्राम पंचायत संगठन के पदाधिकारी फागू प्रसाद गुप्ता ने खंड विकास अधिकारी को पत्र देकर चार सूत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग की है।
*पहली मांग* कपियाग्रांट टोला तेलडिहवा की केयर टेकर के मानदेय से जुड़ी है। पत्र में कहा गया है कि केयर टेकर को अब तक कितना मानदेय किस-किस तिथि में दिया गया है और किस महीने का कितना मानदेय किस कारण से बकाया है, इसकी सत्यापित छायाप्रति संगठन को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
*दूसरी मांग* ग्राम जमुनी की सफाई को लेकर है। ग्रामीणों का आरोप है कि खेलकूद मैदान, खलिहान सहित पूरे गांव में गंदगी और कूड़ा फैला है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है। सफाईकर्मियों का ग्रुप लगाकर अतिशीघ्र सफाई कराने की मांग की गई है।
*तीसरी मांग* स्ट्रीट लाइट से संबंधित है। ग्राम जमुनी में श्यामलाल पासवान के घर के आसपास तीन विद्युत पोल पर लगी स्ट्रीट लाइट कई महीनों से खराब है, जिससे रात में अंधेरा छाया रहता है। खराब लाइटों को बदलवाकर नई लाइट लगाने की मांग की गई है।
*चौथी मांग* में ग्राम कपियाग्रांट टोला तेलडिहवा में सामुदायिक शौचालय की मरम्मत और पूरे टोला में सभी विद्युत पोल पर स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग उठाई गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन को बाध्य होगा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने