सिद्धार्थनगर में सजेगा बाल वैज्ञानिकों का महाकुम्भ, 02 नवम्बर 2026 को रतन सेन डिग्री कॉलेज में होगा जनपद स्तरीय समागम



अपराध का अन्त संवाददाता 

*एन.सी.एस.सी. पोर्टल पर रिकॉर्ड 933 टीमों का हुआ ऑनलाइन पंजीकरण*
*त्रिस्तरीय कड़े मूल्यांकन के बाद चुने गए शीर्ष 100 उत्कृष्ट प्रोजेक्ट्स का होगा फाइनल प्रजेंटेशन*
*शासन के निर्देशों के क्रम में "निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार" थीम पर बाल वैज्ञानिक दिखाएंगे हुनर*

भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) की राष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी संचार परिषद (NCSTC) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (2026-27) के जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम की तिथियों और स्थल की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस वर्ष जनपद के बाल वैज्ञानिकों का यह प्रतिष्ठित महाकुम्भ आगामी 02 नवम्बर 2026, दिन- सोमवार को क्षेत्र के अग्रणी शैक्षणिक संस्थान रतन सेन डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी जिला आयोजन समिति (DAC) के जिला शैक्षणिक समन्वयक डॉ. हंसराज कुशवाहा एवं जिला समन्वयक अंशुमान सिंह ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय (Theme) "निरंतरता के लिए विज्ञान एवं नवाचार" (Science and Innovation for Sustainability) निर्धारित किया गया है, जिसके तहत 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक चेतना और अकादमिक नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

सिद्धार्थनगर के बच्चों में जबरदस्त उत्साह, 933 टीमों ने किया आवेदन
जिला आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष जनपद सिद्धार्थनगर के विभिन्न शासकीय, अर्द्धशासकीय, मान्यता प्राप्त यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालयों के बच्चों में वैज्ञानिक शोध को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखा गया है। एन.सी.एस.सी. (NCSC) के आधिकारिक पोर्टल पर जनपद से कुल 933 टीमों द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया गया है।

त्रिस्तरीय छंटनी के बाद केवल 100 प्रोजेक्ट्स को मिलेगा मुख्य मंच
इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया को अत्यंत पारदर्शी और त्रिस्तरीय बनाया गया है। पोर्टल पर पंजीकृत सभी 933 टीमों के शोध-प्रोजेक्ट्स का पहले विद्यालय स्तर और फिर ब्लॉक (नोडल) स्तर पर गहन मूल्यांकन कराया जा रहा है। इन दोनों चरणों की कड़ी स्क्रीनिंग के बाद जनपद से केवल 100 उत्कृष्ट प्रोजेक्ट्स का चयन किया जाएगा। केवल इन्हीं 100 सर्वश्रेष्ठ टीमों को 02 नवंबर 2026 को रतन सेन डिग्री कॉलेज में आयोजित होने वाले फाइनल जनपद स्तरीय प्रजेंटेशन में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

रतन सेन डिग्री कॉलेज प्रशासन ने दी सहमति, तैयारियाँ तेज
इस भव्य वैज्ञानिक समागम को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए रतन सेन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. सन्तोष कुमार सिंह ने कॉलेज परिसर के विशाल ऑडिटोरियम, समानान्तर प्रेजेंटेशन कक्षों और आवश्यक संसाधनों के प्रयोग की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। 02 नवम्बर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों का एक निर्णायक मंडल (Jury) बाल वैज्ञानिकों के प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन करेगा, जिसमें से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए उत्कृष्ट प्रोजेक्ट्स को आगे भेजा जाएगा।

जिला आयोजन समिति ने जनपद के समस्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, विज्ञान शिक्षकों और गाइड शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे चयनित बाल वैज्ञानिकों की तैयारी ससमय पूर्ण करा लें, ताकि जनपद सिद्धार्थनगर राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने